गंगा नदी से युवक का शव बरामद, खाजेकला थाना पुलिस जांच में जुटी
पटना : राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र स्थित मितन घाट किनारे गंगा नदी से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी बताया जा रहा है कि मितन घाट किनारे लोगों ने नदी में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना खाजेकला थाना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई, जो खाजेकला थाना क्षेत्र के सोनार टोली, चांदी की देवी जी के पास का रहने वाला बताया जा रहा है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित कुमार की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह बीते कल से लापता था। इसी बीच सूचना मिली कि गंगा नदी में एक युवक का शव मिला है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने युवक के शरीर पर मिले निशानों की जांच की।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पटना सिटी से एनबीसी 24 के लिए अनिल कुमार की रिपोर्ट।